दो साल बाद जाने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना में निर्मित ऐतिहासिक व प्राचीन फव्वारा चौक के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो करेगा। निर्मित फव्वारा में ढेरों खामियां मिली हैं। इसकी शिकायत नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री हरियाणा तक की। इसके बाद मामले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंपी गई। बता दें कि करीब दो वर्ष पूर्व नगरपरिषद ने ऐतिहासिक फव्वारा चौक के सौंदर्यीकरण व पुलिया निर्माण की योजना तैयार की थी। जिस पर कुल 2 करोड़ 5 लाख रुपये की राशि खर्च की जानी तय थी। नगर परिषद ने एक साल में इसके निर्माण का ठेका निजी एजेंसी को दिया था। दो वर्ष बीत जाने के बाद भी एजेंसी का कार्य अधूरा है।
इसके अलावा निर्माणाधीन फव्वारा चौक के सौन्द्रीर्यकरण, पुलिया निर्माण व मुख्य द्वार निर्माण में ढेरों खामियां मिलीं। हैरत की बात है कि परिषद अधिकारियों ने निर्माण कार्य पूरा किए बगैर ही निर्माण राशि का भुगतान कर डाला है। समाजसेवी अमित गर्ग ने आरोप लगाया कि परिषद व एजेंसी ने मिलीभगत करके करोड़ों रुपये की राशि का दुरुपयोग किया है। निर्माण कार्य में जमकर अनियमितताएं बरती गई हैं।
नगरपरिषद ईओ सुमनलता ने बताया कि फव्वारा चौक में आ रही समस्याओं की जांच करके उनका समाधान करने के आदेश दे दिए गए हैं। मामले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंपी गई है।