-पंजाब के अमृतसर से पकड़ा गया आरोपी, अब तक 9 आरोपी हो चुके गिरफ्तार,
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। जिले में पिछले वर्ष नवंबर माह में सामने आए देश विरोधी गतिविधियों और हवाला लेनदेन मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 9 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। तावडू डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने नई गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को पंजाब के अमृतसर से पकड़ा गया है और उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल पुत्र बाबूराम उर्फ जगतार सिंह निवासी मुस्तफाबाद गली नंबर-8 बटाला रोड, सुभाष कॉलोनी थाना सदर अमृतसर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले की शुरुआत पिछले वर्ष नवंबर माह में हुई थी, जब मेवात क्षेत्र के खरकड़ी निवासी युवा वकील रिजवान को देश विरोधी गतिविधियों और हवाला लेनदेन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कई आरोपियों को रिमांड पर लिया और पूछताछ के आधार पर लगातार गिरफ्तारियां कीं।
बताया जा रहा है कि अब तक हुई गिरफ्तारियों में दो आरोपी मेवात क्षेत्र से जबकि अन्य आरोपी पंजाब के अलग-अलग शहरों से गिरफ्तार किए गए हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लेनदेन की गहनता से जांच कर रही है। वहीं, मामले में आरोप पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसी बीच एक और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।