टक्कर मारने वाली बाइक की पहचान करने में जुटी सेक्टर-29 थाने की पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-29 थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सेक्टर-38 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान द्वारका (दिल्ली) के सेक्टर-4 निवासी रमेश कुमार त्रिवेदी (67) के रूप में हुई है। वह शनिवार को अपने दोस्त विरेंद्र से मिलने गुरुग्राम के सेक्टर-29 क्षेत्र में आया हुआ था। रमेश कुमार त्रिवेदी ने अपने दोस्त विरेंद्र के साथ एक रेस्त्रां में खाना खाने के बाद करीब 10 बजे सिगरेट पीने के लिए सड़क की दूसरी ओर गए थे। सिगरेट न मिलने पर रमेश कुमार व विरेंद्र सड़क पार करके रेस्त्रां की ओर जा रहे थे तो रमेश कुमार अपनी बेटी से कॉल पर बात करने लगे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने रमेश कुमार को टक्कर मार दी। हादसे में रमेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सेक्टर-29 थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया और विरेंद्र की शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी गजराज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। जिस स्थान पर बाइक ने रमेश कुमार को टक्कर मारी थी, वहां पर अंधेरा होने के कारण बाइक का नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बाइक की पहचान की जाएगी।