8वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को योजना और परीक्षा की प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के सभी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद के प्रति जागरूक करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से जिला और स्कूल स्तरीय जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 16 नवंबर से शुरू होगा और 24 दिसंबर तक चलेगा। इसमें आठवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देकर पंजीकरण के बारे में बताया जाएगा।
विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, मिशन बुनियाद के लिए विद्यार्थियों का पंजीकरण 12 दिसंबर तक किया जाएगा। लेवल-1 की परीक्षा 23 दिसंबर को आयोजित होगी, जबकि 12 जनवरी 2027 को लेवल-1 का रिजल्ट आएगा। वहीं लेवल-2 की परीक्षा 22 जनवरी को होगी और रिजल्ट दो फरवरी को आएगा।
योजना के अनुसार, इस परीक्षा में वही छात्र आवेदन कर सकेंगे, जिसने सातवीं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हों। विभाग की ओर से स्कूलों के मुखियाओं को पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाने के साथ उनकी परीक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों को एकत्रित कर जागरूकता वीडियो दिखाए जाएंगे और पोस्टर लगाए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों पंजीकरण प्रक्रिया भी समझाया जाएगा।
-
वर्जन-
छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में जागरूक करने के लिए स्कूलों में जिलास्तरीय और स्कूल स्तरीय जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इससे मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 जैसी प्रतियोगिताओं के बारे में बताया जाएगा। इससे बच्चों को परीक्षा के बारे जानने और आवेदन करने में मदद मिलेगी।
- सुरेंद्र, जिला विज्ञान विशेषज्ञ