- दोनों पक्षों ने पुलिस को दी शिकायत
गुरुग्राम। सेक्टर-59 स्थित एक मॉल की पार्किंग में कारों की कतार में आगे निकलने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कार आगे निकालने का का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने 35 वर्षीय युवक को पीट दिया। आरोपी ने युवक की नाक पर कई मुक्के मारे, जिससे उसकी नाक की हड्डी टूट गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित इशान सेक्टर-54 के निवासी हैं। वह सोमवार शाम करीब पांच बजे पत्नी के साथ मॉल में फिल्म देखने के बाद अपनी एलिवेट कार से बाहर निकल रहे थे। उस समय पार्किंग से बाहर जाने के लिए वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान फॉर्च्यूनर में सवार व्यक्ति कतार तोड़कर आगे निकलने लगा। इस कार में महिला व बच्चे भी सवार थे। आरोप है कि इशान ने विरोध किया तो फॉर्च्यूनर कार उनकी गाड़ी को छूते हुए आगे निकल गई। इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि फॉर्च्यूनर सवार ने इशान की नाक पर कई मुक्के मारे, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए।
मॉल कर्मचारियों ने पीड़ित के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की। उनकी पत्नी ने मोबाइल एप के जरिए एंबुलेंस बुलाई और उन्हें गोल्फ कोर्स रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। टीम जांच कर कार्रवाई कर रही है। ब्यूरो