एक हफ्ते में पूरी रिपोर्ट, जल्द लगेंगे कैमरे व बायोमेट्रिक सिस्टम
शिवम राजपूत
गुरुग्राम। रोहतक के बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत के बाद खेलमंत्री गौरव गौतम ने प्रदेश के सभी जिलों में खेल सुविधाओं की सुरक्षा पर समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी जिलों के खेल अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी कड़ी में गुरुग्राम में सरकारी और निजी खेल नर्सरियों के हालात का पूरा ऑडिट शुरू कर दिया गया है। इसमें जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट खेल नर्सरियों के कोचों से लिखित में उपकरणों व सुविधाओं संबंधी विवरण मांगा गया है, जिसकी रिपोर्ट सभी खेल नर्सरियों के कोचों को छह दिसंबर तक जमा करनी है।
जिले में कुल 14 प्राइवेट और 18 सरकारी खेल नर्सरियां और एक वॉलीबॉल की आवासीय अकादमी संचालित हो रही है। विभाग ने सभी नर्सरियों से अपडेट मांगी है। हर नर्सरी की जांच के लिए चार लोगों की कमेटी बनाई गई है और जांच करके रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया था। सभी कमेटियों को छह दिसंबर तक अपनी पूरी रिपोर्ट जमा करानी होगी। जिला खेल अधिकारी भी मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगी।
स्टेडियम और कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अनुमति मिल चुकी है। संभावना है कि अगले सप्ताह से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों की सुरक्षा और हर गतिविधि पर निगरानी बढ़ाई जा सके। उन्होंने आगे बताया कि कमेटी की जो भी रिपोर्ट आएगी, उसी आधार पर आगामी कदम उठाए जाएंगे। अगर किसी खेल नर्सरी में कोई खेल का मैदान या कोर्ट उपयोग में नहीं है तो उसे तोड़ दिया जाएगा। वहीं, अगर किसी नर्सरी में कोई उपकरण खराब है यह इस्तेमाल करने लायक नहीं है तो उसे बदला जाएगा।
खेल विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला अधिकारी स्तर पर नियमित निरीक्षण, सिस्टम में पारदर्शिता और तकनीकी मॉनिटरिंग के जरिये खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। -आरती कोहली, जिला खेल अधिकारी