मंत्री ने ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं, धनवापुर गांव में स्टेडियम और सड़क की दी सौगात
- पॉलीथिन मुक्त गुरुग्राम और पौधरोपण अभियान में जनभागीदारी का किया आह्वान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को गुरुग्राम के धनवापुर गांव में प्रस्तावित अजीत स्टेडियम का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम ग्रामीण युवाओं के लिए खेल प्रतिभा को निखारने का मंच बनेगा और क्षेत्र में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन देगा।
इसके पश्चात मंत्री ने धनवापुर अंडरपास से सामुदायिक केंद्र तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क वर्षों से लंबित थी और इसके निर्माण से गांववासियों को आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य आदि से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील करते हुए बताया कि गुरुग्राम में पॉलीथिन मुक्त पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 90 प्रतिशत सीवर लाइनों के चोक होने का कारण पॉलीथिन है, जो न केवल प्रदूषण बल्कि स्वास्थ्य संकट भी पैदा करता है।
साथ ही उन्होंने एक पेड़ मां के नाम... अभियान को अपनाने की अपील की। इस अवसर पर मेयर राजरानी मल्होत्रा, पार्षद दिनेश दहिया, पार्षद परमिंदर कटारिया, सतपाल, नरेश कटारिया, रामअवतार राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-
साउथ सिटी-1 में चौड़ी होगी सड़क
गुरुग्राम। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को गुरुग्राम के साउथ सिटी-1 स्थित ब्लॉक-एन, वार्ड संख्या 12 में प्रस्तावित 18 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय निवासियों से संवाद भी किया और उनकी समस्याएं सुनीं। नागरिकों ने सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, कूड़ा प्रबंधन और पार्कों की देखरेख जैसे मुद्दे उठाए। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर गुरुग्राम के एसडीएम परमजीत चहल, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पार्षद गगनदीप सहित अन्य मौजूद रहे। ब्यूरो