दिवाली आने में कुछ दिन बाकी पर प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर की हवा जहरीली होती जा रही है। दिवाली आने में अभी कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को गुरुग्राम का एयर क्वाॅलिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 216 दर्ज किया गया, जो कि खराब श्रेणी में आता है। इससे पहले भी बीते दस दिनों से शहर का एक्यूआई 150 से ऊपर बना हुआ है, जो हवा की गुणवत्ता में गिरावट को साफ दिखाता है।
शहर में वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए कुल चार यंत्र (मॉनिटरिंग स्टेशन) लगाए गए हैं, लेकिन मंगलवार को केवल दो ही स्टेशन से डेटा जारी किया गया। यह स्थिति न केवल तकनीकी खामियों की ओर इशारा करती है बल्कि प्रदूषण पर निगरानी की कमी को भी दर्शाती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार पीएम 10 की मात्रा सबसे अधिक रिकॉर्ड की गई, जो सांस संबंधी बीमारियों के लिए खतरनाक है। पीएम 10 का स्तर भी एक्यूआई में खराब स्तर पर पहुंच गया है।
पीएम 10
ये इतने छोटे होते हैं कि सांस के जरिए फेफड़ों में पहुंच जाते हैं और श्वसन तथा हृदय संबंधी समस्याओं जैसी स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इनके स्रोतों में निर्माण धूल, परागकण और औद्योगिक उत्सर्जन शामिल हैं, जबकि स्वास्थ्य पर इनके प्रभाव खाँसी और घरघराहट से लेकर दिल के दौरे और स्ट्रोक के बढ़ते जोखिम तक हो सकते हैं।