गुरुग्राम। शहर को प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में कार्य करते हुए नगर निगम परिवहन व्यवस्था में अहम बदलाव करने में जुट गया है। नगर निगम ने 2021 के अंत तक जिले में 2 हजार ई वाहनों को चलाने का लक्ष्य रखा है। इसके क्रम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के जरिए प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से सबसे पहले ई रिक्शा की शुरुआत की जाएगी। यह जानकारी नगर निगम की अति रिक्त आयुक्त-4 जसप्रीत कौर ने दी।
अतिरिक्त आयुक्त ने बुधवार को आरटीए, पुलिस विभाग के अधिकारियों व ऑटो यूनियन तथा ऑटो चालकों के साथ एक विशेष परिचर्चा की। स्थानीय स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद भवन (जॉन हॉल) में आयोजित परिचर्चा में दस साल पुराने डीजल ऑटो को ई-व्हीकल में बदलने की दिशा में ऑटो चालकों एवं यूनियन को जानकारी दी गई। इस अवसर पर जसप्रीत कौर ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण एक गंभीर समस्या है। इसके समाधान के लिए समय-समय पर शॉर्ट टर्म उपाय किए जा रहे हैं, लेकिन लांग टर्म उपाय बहुत ही जरूरी है।
मिलेगा 30 हजार का अनुदान
अतिरिक्त निगमायुक्त ने कहा कि उच्च अथॉरिटीज ने डीजल ऑटो के स्थान पर ई-ऑटो व ई-रिक्शा चलाने का सुझाव दिया है। मुख्यमंत्री ने भी गुरुग्राम में पर्यावरण प्रदूषण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पिछले बजट भाषण में ई-व्हीकल को शुरू करने की घोषणा की थी। अतिरिक्त निगमायुक्त ने ऑटो चालक संघ के पदाधिकारियों व वाहन चालकों से कहा कि डीजल ऑटो के स्थान पर ई-रिक्शा लेने वालों को 30 हजार रुपये की अनुदान राशि दी जाएगी बशर्ते उन्हें अपना ई-रिक्शा सरकारी विभाग द्वारा अधिकृत एजेंसी के पास स्क्रैप करवाना होगा। इसके अलावा सरकार व प्रशासन के द्वारा अन्य वित्तीय सहयोग भी किया जाएगा।
10 साल पुराने डीजल ऑटो को ई-व्हीकल में बदलने पर चर्चा
इस अवसर पर आरटीए सचिव धारणा यादव ने कहा कि प्रथम चरण में 10 वर्ष से पुराने डीजल ऑटो को ई-रिक्शा या ई-ऑटो में बदला जाएगा। गुरुग्राम में जगह-जगह चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे। योजना के तहत ई-रिक्शा का पंजीकरण प्रमाण-पत्र 72 घंटे के अंदर जारी किया जाएगा। यातायात विभाग के अनुसार गुरुग्राम में 10 साल से पुराने करीब 12 हजार डीजल ऑटो हैं, जिन्हें प्रथम चरण में बदला जाएगा। ऑटो यूनियन के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 10 वर्ष पहले जब सीएनजी का विकल्प आया था, उस समय भी लोगों के मन में तमाम आशंकाएं थी।
एक बार चार्ज पर 120-130 किमी की दूरी तय
स्मार्ट-ई के चेयरमैन प्लास चौधरी एवं सीईओ गोल्डी श्रीवास्तव ने बताया कि ई-व्हीकल के संचालन, रख-रखाव का खर्च अन्य वाहनों की तुलना में बहुत ही कम है। यह एक बार चार्ज करके 120 से 130 किलोमीटर तक चल सकता है। गुरुग्राम में उद्योग विहार, गोल्फ कोर्स रोड, सिटी सेंटर व साउथ सिटी समेत अन्य स्थानों पर चार्जिंग प्वाइंट हैं जो अन्य स्थानों पर जरूरत अनुसार बढ़ाए जाएंगे।