फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: राखी बांधकर बहनों ने मांगी लंबी उम्र, भाइयों ने दिया रक्षा का वचन

विज्ञापन
विज्ञापन
सेक्टरों, कॉलोनियों और सोसाइटियों में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व
विज्ञापन



संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भाई-बहन के प्रेम एवं आस्था का प्रतीक रक्षाबंधन शुक्रवार को सेक्टरों, कॉलोनियों और सोसाइटियों में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही बहनें भाइयों के घर और भाई बहनों के घर पहुंचना शुरू हो गए थे। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा का वचन दिया।
बाजारों में भी भीड़भाड़ वाला माहौल बना रहा। विभिन्न प्रकार की राखियों से शहर का मुख्य सदर बाजार अटा दिखाई दिया। हालांकि बहनों ने पहले से ही राखियों की खरीद्दारी कर ली थी, ताकि उन्हें रक्षा बंधन के दिन बाजारों में न जाना पड़े। उधर दुकानों पर मिठाई आदि खरीदने वालों की भारी भीड़ देखने को मिली। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व मेट्रो स्टेशनों पर भी महिला यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं व बच्चों के लिए वॉल्वो व एसी बसों को छोड़कर अन्य बसों में रक्षाबंधन पर यात्रा निशुल्क करने की घोषणा के बाद भी बसों के इंतजार में महिलाएं व बच्चे खड़े दिखाई दिए। बसों में सवार होने के लिए उन्हें बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशनों, सार्वजनिक स्थानों, शहर के मुख्य बाजारों व मॉल्स के आस-पास भी पुलिसकर्मी तैनात थे।
विज्ञापन




दूरियां भले थीं, तकनीक ने करीब रखा भाई-बहन का प्यार
दूरियां भले ही अधिक थीं, लेकिन हाईटेक युग ने भाई-बहन के प्रेम और रक्षाबंधन की खुशियों को दूर नहीं होने दिया। जिले में कई भाई-बहन अपने भाई या बहन से दूर रहकर भी तकनीक के माध्यम से रक्षाबंधन मनाते नजर आए। वीडियो कॉलिंग के जरिये एक-दूसरे से जुड़कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। वहीं, ऑनलाइन डिलीवरी के माध्यम से राखी और उपहार भेजकर पर्व मनाया गया। पहले जहां भाई-बहनों को राखी डाक के माध्यम से भेजनी पड़ती थी, वहीं अब ऑनलाइन डिलीवरी और वीडियो कॉलिंग ने हजारों किलोमीटर की दूरी को भी कम कर दिया है।
विज्ञापन




ट्रैफिक पुलिस और रोड सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन ने चलाया सुरक्षा बंधन अभियान
रक्षाबंधन पर गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और रोड सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन की टीम ने सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सुरक्षा बंधन अभियान चलाया। इसका आयोजन अग्रवाल धर्मशाला चौंक पर किया गया। इसमें ट्रैफिक पुलिस और आरएसओ सदस्यों ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की कलाई पर सुरक्षा के प्रतीक के रूप में राखी बांधी। इसके बदले में एक संकल्प और उपहार के रूप में उनसे वचन लिया गया कि वे हर परिस्थिति में सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे, ताकि वे स्वयं और उनका परिवार सुरक्षित रह सकें। अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि सड़क पर एक-दूसरे की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें