पुनरीक्षण अभियान के बाद गुरुग्राम में बढ़ गए 16 हजार 358 मतदाता
- जिला प्रशासन ने जारी किया मतदाता सूची का अंतिम ड्राफ्ट
- जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में हुए 14.87 लाख मतदाता
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मतदाता पुनरीक्षण अभियान पूरा होने के बाद गुरुग्राम जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में अब कुल 14 लाख 87 हजार 310 मतदाता हो गए हैं। इनमें 7 लाख 83 हजार 17 पुरुष, 7 लाख 4 हजार 241 महिलाएं और 52 ट्रांसजेंडर वोटर शामिल हैं। नई मतदाता सूची में बादशाहपुर विधानसभा में सबसे ज्यादा और पटौदी विधानसभा में सबसे कम वोटर हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव ने बताया कि नामांकन आरंभ होने से पहले 18 साल की आयु पूर्ण कर चुके युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
दो अगस्त से 27 अगस्त तक हर विधानसभा क्षेत्र की संशोधित मतदाता सूची तैयार करने के लिए पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। इस दौरान 16 अगस्त तक नए वोट बनाने, मतदाता सूची में नाम, पता, मोबाइल नंबर, फोटो आदि की त्रुटियां दूर करवाने और मृतक व स्थान छोड़कर जा चुके मतदाताओं के नाम सूची से कटवाने के लिए ऑनलाइन एव ऑफलाइन फाॅर्म जमा करवाए गए थे। पटौदी, बादशाहपुर, गुड़गांव और सोहना विधानसभा क्षेत्र के एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारियों ने इन सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा कर दिया है। इसके बाद मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अंतिम मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी कर दिया गया।
-
अंतिम मतदाता सूची के तहत विधानसभावार मतदाताओं की संख्या:
विधानसभा कुल मतदाता पुरुष महिलाएं ट्रांसजेंडर
गुड़गांव 4,37,183 2,28617 2,08,545 21
पटौदी 2,53,684 1,32,274 1,21,408 02
बादशाहपुर 5,13,052 2,71,167 2,41,868 17
सोहना 2,83,391 1,50,959 1,32,420 12