मणप्पुरम गाेल्ड लोन शाखा में लूटपाट करने वालों की नहीं हुई पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शीतला कॉलोनी स्थित मणप्पुरम गाेल्ड लोन की शाखा में शनिवार शाम गन पॉइंट पर लूटपाट करने वाले बदमाशों की अभी पहचान नहीं हुई है। बदमाश शाखा से कितना सोना लेकर गए हैं, इसके बारे में ऑडिट कराई जा रही है। ऑडिट होने के बाद ही साेने के बारे में पता चल सकेगा। मणप्पुरम गाेल्ड लोन शाखा में लूट के बारे में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ कर चुकी है। वहीं, सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
मणप्पुरम गाेल्ड लोन की शाखा में हुई लूट की वारदात को देखकर लगता है कि बदमाशों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ऑडिट करने के नाम पर शाखा में घुसे थे। इसमें से एक बदमाश ने खुद को नया कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका अंबाला से तबादला हुआ है और उन्हें अपना शाम के समय का पंच करना है। शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बदमाशों को ऑडिटर समझकर उन्हें चाय भी पिलाई थी। इसके बाद बात करते-करते सहायक मैनेजर और अन्य कर्मचारियों के साथ लॉकर रूम में चले गए। लॉकर रूम में पहुंचते ही बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और लूटपाट शुरू कर दी। वहीं, दो बदमाशों ने बाहर रहकर नजर रखी हुई थी। बदमाशों ने अपने हाथों में लिए बैगों में करीब 150 पैकेट सोने के रखे थे। इनमें किसी में आधा तोला, किसी में एक तोला या इससे अधिक सोना रखा गया था। ऐसे में यह जानकारी नहीं है कि बदमाश कितने तोला सोना लेकर गए हैं। बदमाश करीब 9.50 लाख रुपये नकदी लूटकर ले गए। लूट की इस घटना के दौरान विराेध करने पर दो कर्मचारियों व एक सुरक्षा गार्ड के सिर में चोटें आईं हैं।
वर्जन
जांच अधिकारी सतीश ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मणप्पुरम गाेल्ड लोन शाखा से लूटे गए सोने की ऑडिट कराई जा रही है। ऑडिट के बाद ही सोने के बारे में पता चल सकेगा। शाखा के स्टाफ से पूछताछ की जा चुकी है।