बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश ने चलाई गोली, केस दर्ज
- फायरिंग के दौरान एल्विश नहीं थे घर पर, परिवार के सदस्य सुरक्षित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव के सेक्टर-57 स्थित घर पर रविवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। सुबह करीब 5:30 बजे बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने करीब 25 गोलियां चलाईं। भूतल और पहली मंजिल में बालकनी पर गोलियों के निशान मिले हैं। फायरिंग के वक्त एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। एल्विश के घर पर फायरिंग करने की जिम्मेदारी भाऊ गैंग ने ली है।
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। फायरिंग के बाद सेक्टर-56 थाने की पुलिस टीम के साथ ही सीन ऑफ क्राइम, सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर को घेरे में लेकर गोलियों के खोल बरामद किए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में ली है, ताकि फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके। सोशल मीडिया पर रविवार दोपहर पोस्ट कर गैंगस्टर नीरज फरीदपुर और भाऊ रितौलिया ने हमले की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा कि इसने बेटिंग एप को प्रमोट कर कई घर बर्बाद किए हैं।
एल्विश यादव के पिता राम अवतार की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एल्विश के पिता राम अवतार का कहना है कि हमारी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है और न ही हमें कोई धमकी मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उनकी अपने बेटे से बात हुई है, वह भी सुरक्षित है।
वर्जन
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग के मामले में पुलिस टीम छानबीन कर रही हैं। घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
- यशवंत, सहायक पुलिस आयुक्त (सदर), गुरुग्राम