सीवर मरम्मत कार्य के बाद नहीं डाली गई रोड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बसई रोड पर शनिवार को क्रशर से भरा ट्रॉला फंसने से वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। दो क्रेन की मदद से दोपहर बाद उसे निकाला गया। बसई रोड पर तीन जगहों पर सीवर लाइन धंस गई थी और नगर निगम ने ठीक कराया था। सीवर लाइन ठीक करने के बाद रोड़ी नहीं डाली गई और वाहनों के लिए खोल दिया गया। ऐसे में भारी वाहन रोज फंस रहे हैं। तीन दिन में तीन भारी वाहन सीवर के लिए खुदी सड़क में फंस चुके हैं। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने सड़क को समतल तो करा दिया है लेकिन जहां पर सीवर के लिए सड़क की खुदाई हुई थी, वहां पर रोड़ी नहीं डलवाई है। ऐसे में वाहन चालकों को रोज परेशानी उठानी पड़ रही है।
वहीं, धूल उड़ने से सड़क के दोनों ओर के दुकानदार परेशान हैं। उनका कहना है कि धूल से त्योहारी सीजन का कारोबार प्रभावित हो रहा है। सड़क को ठीक कराने कराने की किसी को सुध नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया सीवर ठीक कराने के बाद रोड़ी नहीं डाली गई और मिट्टी में वाहन फंस रहे हैं। उनका कहना है कि एक दिन ट्रॉला, दूसरे दिन की रात ट्रक और शनिवार को फिर ट्रॉला फंस गया।