सोहना। गुरुग्राम-सोहना मार्ग पर स्थित गांव धुनेला के पास दुर्घटना में गर्भवती महिला की मौत हो गई। जबकि महिला का देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर सवार होकर देवर-भाभी सोहना आ रहे थे, रास्ते में कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे महिला व युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया। दोनों को गंभीर हालत में सोहना अस्पताल में पहुंचाया। जहां से गर्भवती महिला की हालत गंभीर होने पर गुरुग्राम रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जबकि देवर का इलाज सोहना अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सोहना-गुरुग्राम सड़क पर स्थित गांव धुनेला निवासी जाकिर अपनी भाभी गुलाबशाह को बाइक बैठाकर सोहना आ रहा था। वह गांव से थोड़ा ही आगे निकलते थे कि कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने दोनों को इलाज के लिए सोहना अस्पताल पहुंचाया। जहां से आठ माह की गर्भवती महिला की हालत गंभीर होने पर गुरुग्राम रेफर कर दिया। जहां पर गुरुग्राम पहुंचने पर डॉक्टरों ने गर्भवती महिला को मृत घोषित कर दिया। सोहना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी दिनेश यादव ने बताया कि उक्त मामले में कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।