संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। रोजका मेव थाना पुलिस ने 12 गोवंश को मुक्त करा कर तीन गोतस्करों को ट्रक सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि गायों को संगेल गोशाला में भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान चिल्ला गांव निवासी खालिद, पंजाब के खुकरैन निवासी जितेन्द्र कुमार उर्फ काका और हुसैनपुर थियाडा, होशियारपुर पंजाब निवासी हरजिन्द्र के रूप में हुई है।
रोजका मेव थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सोहना की तरफ से एक ट्रक में गाय भरकर ला रहे हैं और वे गोकशी के उद्देश्य से इन गायों को राजस्थान लेकर जाएंगे। पुलिस ने सूचना के आधार पर रेवासन गांव के पास नाका लगा दिया। पुलिस को थोड़ी देर बाद सोहना की तरफ से एक ट्रक आता दिखा और उसके चालक ने पुलिस को देखते ही गाड़ी को वापिस सोहना की तरफ मोड़ लिया। इस पर पुलिस ने उसका पीछा किया तो गाड़ी को रोड पर छोड़कर तीनों तस्कर भागने लगे। गाड़ी से कूदते समय एक व्यक्ति सड़क किनारे गढ्ढे में गिर गया, उसके हाथ में चोट आई है। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया, जबकि दो अन्य को पीछा कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने गाड़ी का तिरपाल हटाया तो उसमें 12 गोवंश को बुरी तरह से बांधकर पटका हुआ था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया और गोवंश को संगेल गोशाला भिजवा दिया। मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर बच्चू सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।