गुरुग्राम। जिले में पांच माह बाद बृहस्पतिवार को कोरोना मरीजों की संख्या न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई। बृहस्पतिवार को जिले में कोरोना के 34 नए मरीज आए जबकि 89 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। इससे पहले 3 अगस्त को एक दिन में सबसे कम 35 नए मरीज आए थे। वहीं, 8 नवंबर को गुरुग्राम में अब तक के एक दिन में सर्वाधिक 964 मरीज आए थे।
89 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद जिले में अब स्वस्थ होने वालों की संख्या 56672 तक पहुंच गई है। अब तक जिले में 57701 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं जबकि 349 लोगों की संक्रमण के कारण मौत भी हुई है। मरीजों के तेजी से स्वस्थ होने से सक्रिय मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। अब सक्रिय मरीजों की संख्या कम होकर 680 रह गई है, जिसमें से 618 मरीज होम आइसोलेट हैं।
घटने लगी कोविड जांच की संख्या
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, होम आइसोलेट मरीजों में से भी करीब 96 फीसदी मरीजों की हालत ठीक बताई जा रही है। हालांकि, जिस तरह से मरीजों की संख्या घट रही है उसी तरह से कोविड जांच में भी कमी आ रही है। बृहस्पतिवार को जिले में महज 2268 लोगों की कोविड जांच की गई, जिसमें से 1979 लोगों की आरटी-पीसीआर व 289 लोगों की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की गई। अब जिले में कुल जांच की संख्या बढ़कर 705542 तक पहुंच गई है, जिसमें से 57701 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।