पालम विहार के सी-2 ब्लॉक के निवासियों ने मलबा डलवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नगर निगम के अधिकारियों ने नहीं सुनी तो लोग सड़काें पर हुए गड्ढे खुद भरवाने पर विवश हुए। पालम विहार सी -2 ब्लॉक के निवासियों ने खुद ही अपने इलाके की सड़कों के गड्ढे भरवाए। गड़्ढों को मलबा डालकर भरवाया गया है। हालांकि यह स्थायी समाधान नहीं है।
इलाके के निवासी नगर निगम से शिकायत करके परेशान हो चुके थे। चार महीने पहले इस इलाके की सड़कों के निर्माण के टेंडर होने की सूचना आई थी मगर काम शुरू नहीं हुआ। सी-2 ब्लॉक के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संदीप लांबा ने बताया कि इलाके की सड़कों पर बहुत सारे गड्ढे हो गए हैं। आए दिन साइकिल सवार, स्कूटी और बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। नगर निगम से कई बार गुहार लगाने के बाद कोई जवाब नहीं मिला। निगम पार्षद से इस बारे में बात की गई मगर उन्होंने सड़क के निर्माण संबंधित कोई ठोस जानकारी नहीं दी। निगमायुक्त को पत्र लिखा, वहां से भी जवाब नहीं आया तो लोगों ने मिलकर ट्रैक्टर से मलबा मंगवाया और पूरे इलाके के गड्ढों में डालकर सड़कों को बराबर कर दिया ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।