संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एएफएसएसआर मैदान पर शनिवार को वीएसवी चैंपियनशिप लीग-2 क्रिकेट का रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में एएफएसएसआर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्काई किंग्स को 6 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच के दौरान खिलाड़ियों के साथ दर्शकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला।
टॉस जीतकर एएफएसएसआर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की शुरुआत संतुलित रही और बल्लेबाजों ने तेज रन गति बनाए रखी। एएफएसएसआर की ओर से रोहित मालवीय ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 32 गेंदों में 50 रन बनाए। उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके और तेज रन शामिल रहे। टीम ने निर्धारित समय में 107 रन का लक्ष्य खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्काई किंग्स की टीम ने भी मुकाबले को रोमांचक बना दिया। बल्लेबाजों ने अंत तक संघर्ष किया लेकिन टीम 101 रन ही बना सकी। एएफएसएसआर के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में शानदार नियंत्रण दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
मैच में एएफएसएसआर टीम के हर्ष कपूर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दोनों पारियां लगभग 70-70 मिनट तक चलीं। जीत के बाद एएफएसएसआर टीम और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।