-एडीसी ने प्ले स्कूल की विस्तृत रिपोर्ट बनाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आंगनबाड़ी केंद्रों के प्ले स्कूलों में बच्चों के सर्वागीण विकास के लिए दी जा रही सुविधाओं का अतिरिक्त जिला उपायुक्त (एडीसी) हितेश कुमार मीणा ने जायजा लिया। सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
एडीसी हितेश कुमार मीणा ने योजना से जुड़े विभागों के अधिकारियों से कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा काफी महत्वपूर्ण है। इसका प्रभाव जीवन भर रहता है। इसी को ध्यान में रखकर आंगनबाड़ी केंद्रों में इन प्ले स्कूल की शुरुआत की गई। ऐसे में बच्चों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास के निर्धारित लक्ष्यों के साथ शुरू किए गए।
मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) से जिले की सभी 104 प्ले स्कूल की रिपोर्ट तलब की। गुरुग्राम जिले के ब्लॉक में 15, निगम क्षेत्र में 19, फर्रूखनगर ब्लॉक में 24, पटौदी व सोहना ब्लॉक में 23-23 प्ले स्कूल का संचालन किया जा रहा है। इन प्ले स्कूल में कुछ प्ले स्कूल ऐसे भी हैं जिनमें बिजली, पानी, किचन व चाइल्ड फ्रेंडली शौचालय सहित बाला पेंटिंग जैसे सुविधाओं में आवश्यक सुधार की आवश्यकता है। एडीसी ने सीएमजीजीए की रिपोर्ट के आधार पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अगले 15 दिनों में उनके विभाग से जुड़ी सेवाओं व उनमें बढ़ोत्तरी के निर्देश दिए। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी वर्कर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत पांच मुख्य विषयों पर प्रशिक्षित भी किया गया है।