एडीसी ने गांव सुल्तानपुर में रात्रि ठहराव कार्यक्रम में सुनी जनसमस्याएं- नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं ग्रामीण : एडीसी
- विभागीय स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं के प्रति किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। फर्रूखनगर ब्लॉक के गांव सुल्तानपुर में जिला प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें एडीसी सोनू भट्ट ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याएं सुनी और उनका मौके पर समाधान किया। गांव में पहुंचने पर एडीसी सोनू भट्ट का ग्रामीणों ने पगड़ी व फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।
एडीसी ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। इसी दिशा में हरियाणा सरकार द्वारा विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल शुरू किए गए हैं, जिनमें सीएम विंडो और जन संवाद जैसे मंच प्रमुख हैं। एडीसी ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश सरकारी योजनाएं परिवार पहचान पत्र से जुड़ी हुई हैं, जिससे पात्रता के आधार पर लाभ स्वतः सुनिश्चित हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान एडीसी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने शिविर में प्राप्त शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के निर्देश दिए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
इस अवसर पर पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, नगर पालिका फर्रूखनगर के चेयरमैन बीरबल सैनी, डीडीपीओ नवनीत कौर, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, डीडी एग्रीकल्चर अनिल तंवर, एक्सईन पंचायती राज अजय शर्मा, सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।