रेलवे स्टेशनों पर 27 नवंबर तक चलेगा विशेष चेकिंग अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। त्योहारी सीजन में ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर भीड़ बढ़ने लगी है। रेलवे विभाग ने ट्रेनों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए योजना बनाकर कार्रवाई शुरू की है। विभाग की ओर से रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में विशेष चेकिंग अभियान चलाने के आदेश जारी किए हैं। गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर दिन व रात्रि के समय यात्रियों का आवागमन रहता है। ऐसे में यहां पर भी विशेष अभियान कभी भी चेकिंग की जा सकती है। ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण कई बार यात्री बिना टिकट ही सफर करते हैं। ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों पर कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जुर्माना वसूला जाएगा।
गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि रेलवे की ओर से 20 अक्तूबर से 27 नवंबर तक यह अभियान चलाया जा रहा है। इसकी एक रिपोर्ट तैयार करके चार दिसंबर तक रेलवे मुख्यालय में जमा करवानी होगी, ताकि रिपोर्ट का आकलन किया जा सके। उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक पैसेंजर मार्केटिंग नीरज शर्मा ने सभी जोनल महाप्रबंधकों व मंडल रेल प्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान आरपीएफ की भी मदद ली जा रही है।
शंकर लाल मीणा ने यात्रियों से आह्वान किया है कि वे ट्रेनों में सफर करने के लिए टिकट अवश्य लें। नियमों की अवहेलना करते हुए जो यात्री पकड़े जाएंगे, उनसे मौके पर ही जुर्माना वसूला जाएगा। अगर वो जुर्माना नहीं जमा करवाएंगे तो उन्हें जेल की हवा खानी पड़ेगी।