ठगी के पैसे से गोवा में खरीदी जमीन, आज शाम तक गोवा में रहेगी टीम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। करोड़ों की ठगी के मामले में गिरफ्तार 32 एवेन्यू के निदेशक ध्रुव दत्त शर्मा की निशानदेही पर आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने गोवा में उसके फार्म हाउस पर कार्रवाई की। जहां पर उसकी निशानदेही पर कुछ कागजात जब्त किए गए। गोवा प्रशासन की ओर से उसके नाम पर रजिस्टर्ड जमीन का ब्यौरा भी लिया गया है। कुछ कागजात मंगलवार की दोपहर तक मिलेंगे, जिसके बाद पुलिस उसे वापस लेकर गुरुग्राम आएगी।
पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला है कि ठगी के पैसे से आरोपी गोवा में अपना साम्राज्य स्थापित करना चाहता था। उसने गोवा एयरपोर्ट के पास सैकड़ों एकड़ जमीन खरीदी थी। बताया जा रहा है कि इसमें ठगी के पैसे का इस्तेमाल हुआ है। पुलिस उस प्रॉपर्टी को मुकदमे में अटैच करना चाहती है। आरोप है कि निदेशक ने पिछले चार साल के दौरान एक ही प्रॉपर्टी को 100 से अधिक लोगों को बेचकर 500 करोड़ रुपये से अधिक का फ्रॉड किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया है।
आर्थिक अपराध शाखा की टीम सभी पहलू पर जांच कर रही है। ठगी के पैसे से गोवा में खरीदी गई जमीन के कागजात बरामद करने व अन्य जांच के बाद आरोपी को लेकर वापस गुरुग्राम आएगी। - सतीश कुमार इंस्पेक्टर प्रभारी आर्थिक अपराध शाखा दो, गुरुग्राम।