फर्जी एग्रीमेंट कर लिए रुपये, नहीं कराई रजिस्ट्री, बाद में संपर्क तोड़ा, प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आर्थिक अपराध शाखा-1 की पुलिस ने 17 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को 9 मई को नोएडा के सेक्टर-75 से गिरफ्तार किया। आरोपी ने फर्जी एग्रीमेंट कर जमीन बेचने के बदले रुपये ले लिए। रजिस्ट्री के नाम पर पहले गुमराह किया फिर संपर्क तोड़ दिया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर सेक्टर-40 थाने में धाेखाधड़ी संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आगामी जांच व कार्रवाई आर्थिक अपराध शाखा-1 कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर-75, नोएडा निवासी महेश मुगम (50) के रूप में हुई है। उसने स्नातक तक पढ़ाई की हुई है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह नियॉन इंफ्रा कंस्ट्रक्शन सॉल्यूशन कंपनी का मालिक है और उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ताओं को जमीन बेचने का झांसा दिया था। उसने फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर शिकायतकर्ताओं से करोड़ों रुपये प्राप्त किए। आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री करवाने के बजाय शिकायतकर्ताओं को लगातार गुमराह किया।
बाद में संपर्क समाप्त कर दिया। मामले में ठगी गई राशि आरोपी महेश मुगम की कंपनी नियॉन इंफ्रा कंस्ट्रक्शन सॉल्यूशन के बैंक खाते में शिकायकर्ता से ट्रांसफर करवाई गई थी। शिकायतकर्ता ने 20 जनवरी को पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी कि नियॉन इंफ्रा कंस्ट्रक्शन सॉल्यूशन कंपनी व उससे जुड़े लोगों ने पलवल (हरियाणा) के घुघेरा गांव स्थित करीब 11.33 एकड़ जमीन के दस्तावेज दिखाकर बेचने का झांसा दिया। आरोपियों ने 1 अगस्त 2024 को एग्रीमेंट टू सेल किया और कुल कीमत व अन्य खर्चों के नाम पर उससे करीब 17 करोड़ रुपये ले लिए थे, लेकिन आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाई। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ पूर्व नियोजित तरीके से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है।
आगामी कार्रवाई के लिए आरोपी महेश मुगम को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान, वित्तीय लेन-देन व संबंधित दस्तावेज की जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- विशाल, एसीपी, आर्थिक अपराध शाखा