गुरुग्राम। आठ महीने पहले फर्जी ई-चालान भेजकर एक युवक से 1.88 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार के जिला पटना के सेक्टर-7 के बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी निवासी अनिकेत कुमार के रूप में हुई है।
23 दिसंबर 2025 को साइबर अपराध दक्षिण को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया था कि उनके मोबाइल पर वाहन के नाम से एक मैसेज आया था। मैसेज में बताया गया था कि उनकी गाड़ी तेज रफ्तार में थी। इस पर उन पर 590 रुपये का जुर्माना किया गया था। जुर्माने के भुगतान के लिए एक लिंक दिया गया था। उन्होंने जुर्माना राशि का भुगतान करने के लिए लिंक पर अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी दर्ज की। ओटीपी देने के बाद उनके खाते से 1.88 लाख रुपये कट गए। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि ठगी गई राशि से स्विगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से सोने के सिक्कों की खरीदारी की थी। आरोपी अनिकेत कुमार ने सोने के सिक्कों को प्रेषित पते के सत्यापन के लिए दिया गया ओटीपी साइबर अपराधियों को रुपये के लालच में उपलब्ध करवा दिया था। संवाद