गुरुग्राम। नगर निगम द्वारा शहर में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व मौजूदा स्थिति को देखने वाला कोई नहीं है। नतीजा यह है कि निर्माणाधीन कार्यों में लापरवाही के चलते हादसों में राहगीर चोटिल हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला लक्ष्मण विहार इलाके में शनिवार देर शाम देखने को मिला, जहां निर्माणाधीन नाले के खुले पड़े होने के कारण बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया। उसे सिर व शरीर के बाकी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं हैं।
शनिवार देर शाम राजेंद्र पार्क निवासी जसवंत सिंह अपनी बाइक से घर जा रहे थे। वे वार्ड-10 अंतर्गत लक्ष्मण विहार में निर्माणाधीन नाले के ऊपर से हटाए गए स्लैब से अंजान थे। खुले स्लैब पर उनकी तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जसवंत के सिर, माथे, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ठेकेदार बोला, लोग नहीं रखने देते स्लैब
इस मामले में निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार युद्धवीर सिंह का कहना है कि कई जगहों पर लोग स्लैब नहीं रखने देते। ऐसे में स्लैब को खुला ही छोड़ दिया जाता है। मालूम हो कि रेलवे रोड पर स्थित फ्लाईओवर से होते हुए घनवापुर रोड तक नाले का निर्माण चल रहा है।
पूर्व पार्षद कर चुके हैं शिकायत
क्षेत्र के पूर्व पार्षद मंगतराम बागरी ने बताया कि 10 जुलाई 2020 को ठेकेदार को टेंडर अलॉट हुआ था और 6 माह में ही काम पूरा करना था। लेकिन ठेकेदार अब तक काम पूरा नहीं कर पाया है। मंगतराम, ठेकेदार के काम के प्रति असंतोष जाहिर करते हुए कहते हैं कि वह इस मामले को लेकर क्षेत्रीय विधायक, चीफ इंजीनियर समेत संबंधित अधिकारियों से मिलकर कई बार शिकायत भी कर चुके हैं।
यह सरासर लापरवाही का मामला है। हम कई बार कह चुके हैं कि बारिश आने वाली है, काम बंद किया जाना चाहिए, लेकिन ठेकेदार कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। उक्त ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कराने के लिए सदन में मामला उठाएंगे।
- शीतला बागरी, पार्षद वार्ड-10