मैट्रिमोनियल साइट से युवक के संपंर्क में आई थी महिला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शादी का वादा कर महिला से दुष्कर्म करने, धोखाधड़ी व लाखों रुपये का लोन लेने के आरोपों में युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अक्षय भट्ट राजस्थान के जयपुर का रहने वाला है। आरोपी को बृहस्पतिवार को गुरुग्राम से ही काबू किया गया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से शुरुआती पूछताछ में पता चला कि उसने महिला को शादी का झूठा वादा किया था। साथ ही अपने एक साथी के साथ मिलकर पीड़िता के नाम से लोन लेकर रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए और लोन की किस्त भी नहीं भरी। आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़ी अन्य जानकारी टीम जुटा रही है। मामले में महिला ने 26 मार्च को डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि 2024 में महिला का संपर्क मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अक्षय से हुआ था।
आरोपी ने महिला को शादी का झूठा आश्वासन दिया। शादी का विश्वास दिलाकर आरोपी ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर महिला के नाम पर विभिन्न वित्तीय संस्थानों से लगभग 20 लाख रुपये का लोन ले लिया। ये लोन की रकम आरोपी ने अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली। बाद में आरोपियों ने लोन की किस्तें भरना बंद कर दिया। आरोपी ने शादी से भी इन्कार कर दिया और महिला से बात करना भी बंद कर दिया। डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच करते हुए अब आरोपी को गिरफ्तार किया है।