नूंह। बस में बैठकर चंडीगढ़ जा रहे युवक को उसके ससुरालियों ने नूंह के बस अड्डे से अगवा कर लिया तथा उसके साथ जमकर मारपीट की। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना नगीना के गांव गुमट बिहारी निवासी मोहम्मद ने बताया कि वह किसी काम से चंडीगढ़ जा रहा था, जिसके लिए उसने बड़कली चौक से सुबह करीब 3:20 बजे चंडीगढ़ वाली बस पकड़ी। नूंह के झंडा पार्क पर एक व्यक्ति ने बस रुकवा ली। ड्राइवर ने बस अड्डे नूंह में बस रोकी। वहां मेवली गांव निवासी अनीश, वकील, इसराइल, रमजान व मुस्तकीम ने उसे बस से नीचे उतारकर जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठा लिया और नलहड़ रोड पर कच्चे रास्ते पर ले गए। आरोपियों ने उसे गाड़ी से उतारकर खूब पीटा, इतने में ही वहां पर उसकी पत्नी वकीला व सास परमीना भी आ गई। आरोप है कि युवक की पत्नी और सास ने भी मारपीट की। इसी दौरान 112 नंबर पुलिस की गाड़ी पहुंच गई, जिसके कारण आरोपियों ने उसे छोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज में युवक का अब भी इलाज चल रहा है। जांच अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मुकदमे में आरोपी इसराइल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।