गुरुग्राम। थाना बादशाहपुर क्षेत्र के गांव पलड़ा में 29 वर्षीय युवक ने सास की मारपीट से आहत होकर आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई ने आरोपी सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पलड़ा निवासी महेश ने बताया कि उनके भाई नरेश की दो साल पहले अलवर की मोनिका से शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। पिछले दिनों नरेश का पत्नी से झगड़ा हो गया। इस पर उसके सास-ससुर मनीता और योगेश घर आ गए। नरेश के साथ बदसलूकी की। सास ने नरेश के साथ मारपीट भी की। इससे शर्मिंदा व आहत होकर नरेश ने अपने शरीर पर थिनर डालकर बुधवार सुबह आग लगा ली। उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, मृतक के परिजन का कहना है कि अभी वह इस हालत में नहीं हैं कि इस पर ज्यादा बात कर सकें।