संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। मानेसर के पास हुए एक सड़क हादसे में फिरोजपुर झिरका निवासी 23 वर्षीय हार्दिक सिंघल की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हार्दिक गुरुग्राम की एक कंपनी में कार्यरत था। वह मंगलवार देर शाम अपनी बलेनो कार से भिवाड़ी स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान मानेसर के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हार्दिक को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही फिरोजपुर झिरका में शोक की लहर दौड़ गई। देर रात ही बड़ी संख्या में लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे। मृतक के पिता राजेश सिंघल भिवाड़ी में हार्डवेयर का कारोबार करते हैं। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। बुधवार दोपहर हार्दिक का अंतिम संस्कार शिवगंगा मुक्ति धाम, फिरोजपुर झिरका में किया गया।