दोस्त के साथ स्कूटी से घर जा रहे थे, उसी के सामने तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पचगांव चौक के पास बृहस्पतिवार सुबह स्कूटी से जा रहे दो दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चालक गाड़ी से गिर गया और ट्रक उसके सिर को कुचलता हुआ निकल गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दूसरा दोस्त बाल-बाल बच गया। मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ के माजरा कलां निवासी गजेंद्र के रूप में हुई है। दोस्त की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेवाड़ी के खटावली गांव निवासी सचिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गजेंद्र के साथ स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। स्कूटी गजेंद्र चला रहा था और वह पीछे बैठे हुए थे। इस बीच सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में सीधी टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही दोनों नीचे गिर गए। ट्रक गजेंद्र के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। साइड में गिरने के कारण वह बच गए। जांच अधिकारी महेश कुमार ने बताया कि ट्रक की पहचान करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।