बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कुश्ती, योगा, ताइक्वांडो समेत अन्य खेलों के लिए मिलेंगी सुविधाएं
कॉलेज में खेल समेत अन्य गतिविधियां बढ़ेंगी, चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार
स्वराजंलि
गुरुग्राम। सेक्टर-9 स्थित राजकीय महाविद्यालय में खेल समेत अन्य गतिविधियां बढ़ेंगी, क्योंकि करोड़ों रुपये की लागत से एक बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण किया जाएगा। जिसमें बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कुश्ती, योगा, कबड्डी, ताइक्वांडो अन्य खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। इस हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम व सामुदायिक आयोजनों भी किए जा सकेंगे।
राजकीय कॉलेज सेक्टर 9 गुरुग्राम के बड़े सरकारी कॉलेजों में से एक है, जिनमें 3,500 से अधिक विद्यार्थी पढ़ते हैं। इस कॉलेज में कई तरह की खेल, सांस्कृतिक, शैक्षणिक समेत अन्य गतिविधियां आयोजित की जाती हैं लेकिन इसके लिए यहां एक बहुउद्देशीय हॉल की दरकार थी। इसी के मद्देनजर यहां नया बहुउद्देशीय हॉल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह हॉल करीब 4 करोड़ की लागत से तैयार किया जाएगा, जिसका साइज 45 गुणा 25 मीटर प्रस्तावित किया गया है।
इस इंडोर हॉल में विभिन्न तरह के खेल स्पर्धाएं भी आयोजित की जा सकेंगी। इसके लिए यहां दर्शक क्षमता 300 से 500 तक होगी।प्रदर्शन और प्रस्तुतियों के लिए एक मंच (स्टेज) और बैक स्टेज एरिया भी प्रस्तावित है।
प्रस्ताव में सोलर पैनल जैसी सस्टेनेबल ऊर्जा व्यवस्था को भी विकल्प के रूप में जोड़ा गया है। यह प्रस्ताव हरियाणा खेल विभाग, नगर निगम, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय खेल क्लबों के सहयोग से तैयार किया गया है। कॉलेज की प्राचार्य नीलम दहिया ने बताया कि इस संदर्भ में प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय को भेज दिया गया है।