पिता की शिकायत पर सेंटर के खिलाफ सेक्टर-50 थाने में मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में मिशन वॉक रिहेब्लिटेशन सेंटर में थैरेपी के दौरान सात साल के बच्चे की टांग की हड्डी टूट गई। बच्चे के पिता की शिकायत पर सेक्टर-50 थाने में सेंटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सेंटर के पास विभाग की अनुमति थी या नहीं, पुलिस मामले में इस पहलू पर भी जांच कर रही है।
बहादुरगढ़ निवासी संजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका सात साल का बेटा पंत काफी समय से बीमार चल रहा था और उसकी हालत में सुधार कम था। उन्होंने अपने बेटे के इलाज के लिए गुरुग्राम के सेक्टर-46 स्थित मिशन वॉक रिहेब्लिटेशन सेंटर में संपर्क किया और सेंटर के स्टाफ ने उनके बेटे की थैरेपी करानी शुरू की। उनके बेटे को कुछ दिनों के अंतराल पर बुलाया जा रहा था। 15 सितंबर को वह अपने बेटे पंत को लेकर सेंटर आए थे और स्टाफ के सदस्यों ने बेटे की थैरेपी कराई थी। इसके बाद उनका बेटा जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उन्होंने स्टाफ से पूछा तो बताया कि थैरेपी के कारण कुछ शुरुआत में दर्द हो रहा होगा जिसके कारण वह ऐसे चिल्ला रहा है। बाद में उनके बेटे पंत की टांग में सूजन आने लगी तो उन्होंने स्थानीय डॉक्टर से जांच कराई। जांच में पता चला कि उनके बेटे की जांघ की हड्डी टूट गई है। संजय ने आरोप लगाया कि जब सेंटर में जाकर बात गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शिकायत के आधार पर सेक्टर-50 थाने में मिशन वॉक रिहेब्लिटेशन सेंटर में के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सेक्टर-50 थाने से निरीक्षक सुखबीर ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और सेंटर के स्टाफ से पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि इस रिहेब्लिटेशन सेंटर के पास विभागीय अनुमति है या नहीं।