लोक निर्माण विभाग जमीन तलाशने में जुटा
सीएम ने की थी विश्राम गृह बनाने की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना कस्बे में जल्द ही विश्राम गृह भवन का निर्माण होगा। इसके लिए विभाग जमीन तलाशने में जुट गया है। उक्त विश्राम गृह लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाया जाएगा।
विदित है कि गत दिनों मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा तावडू में आयोजित रैली के दौरान सोहना कस्बे में विश्राम गृह बनाए जाने की घोषणा की गई थी ताकि नेताओं व अधिकारियों को विश्राम व बैठकें करने में सुविधा मिल सके। उक्त घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए लोकनिर्माण विभाग ने पहल शुरू कर दी है। कस्बे के अंबेडकर चौक पर बनाए गए विश्राम गृह में वर्तमान में तहसील संचालित हो रही है। उक्त रेस्ट हाउस सिंचाई विभाग की भूमि पर बना हुआ है। तहसील संचालित होने से कस्बे में रेस्ट हाउस का अभाव हो गया है। लोकनिर्माण विभाग के एसडीओ सुरेंद्र बताते हैं कि रेस्ट हाउस बनाने के लिए सीएम ने घोषणा की है, जिसके लिए भूमि की तलाश जारी है। सोहना विधायक तेजपाल तंवर कहते हैं कि तावडू रैली में सोहना में नया विश्राम गृह बनाने की मांग की गई थी। जिसको मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा स्वीकार कर लिया था। जिसके निर्माण के लिए विभाग भूमि की तलाश कर रहा है।