ग्रीन बेल्ट विकास को लेकर डीएक्सपी-जीडीए ने की बैठक, पौधरोपण की खराब गुणवत्ता पर जताई चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यू गुरुग्राम। सेक्टर-102 स्थित चाशनी रेस्टोरेंट में रविवार को द्वारका एक्सप्रेसवे गुरुग्राम विकास एसोसिएशन (डीएक्सपी-जीडीए) ने ग्रीन ब्रिगेड की बैठक आयोजित की। बैठक में निवासियों और सदस्यों ने द्वारका एक्सप्रेसवे के विभिन्न सेक्टरों में ग्रीन बेल्ट विकास, पौधरोपण की गुणवत्ता और पर्यावरणीय स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में एजेंसियों द्वारा किए जा रहे पौधरोपण की खराब गुणवत्ता और पौधों के कम सर्वाइवल रेट पर चिंता जताई। सदस्यों ने कहा कि केवल औपचारिक पौधरोपण के बजाय टिकाऊ, जवाबदेह और नियमित मॉनिटरिंग आधारित हरित विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
इस दौरान सेक्टर-102, सेक्टर-103 और सेक्टर-110 (इंडियाबुल्स एनिग्मा के पास) स्थित ग्रीन पैच और पौधरोपण क्षेत्रों की पहचान की गई, जहां विशेष रूप से पौधरोपण और रखरखाव कार्य कराने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही ड्रेन बेल्ट और सड़क किनारे उपलब्ध स्थानों को भविष्य के हरित विकास के लिए उपयोग करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में डीएक्सपी ग्रीन ब्रिगेड के तहत एक समर्पित मॉनिटरिंग टीम गठित करने का प्रस्ताव रखा गया, जो आरडब्ल्यूए, जीएमडीए, एमसीजी, डेवलपर्स और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करेगी। एसोसिएशन ने द्वारका एक्सप्रेसवे को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नागरिकों और संबंधित विभागों के साथ मिलकर निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।