8.62 करोड़ की लागत से जारी हुआ टेंडर, छात्रों में खुशी की लहर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के विद्यार्थियों को जर्जर हाल कमरों से निजात मिलने जा रही है। राजकीय मॉडल डिग्री कॉलेज के निर्माण को लेकर हरियाणा सरकार की ओर से 8.62 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी कर दिया गया है। कॉलेज निर्माण की खबर से क्षेत्र के लोगों और छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2019 में जम्मू-कश्मीर की वादियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फिरोजपुर झिरका में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला राजकीय मॉडल डिग्री कॉलेज बनाने की डिजिटल लॉन्चिंग की थी। भूमि विवाद के चलते कॉलेज का निर्माण कार्य लगभग छह वर्षों तक अधर में लटका रहा।
वर्ष 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रक्षाबंधन के अवसर पर शहर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) में अस्थायी रूप से कॉलेज की कक्षाएं शुरू करवाई थी। उस समय केवल तीन कमरों में बीए प्रथम वर्ष की कक्षाएं 60 छात्रों के साथ प्रारंभ की गई थी।
हालांकि, मौजूदा स्थिति में कॉलेज की हालात बेहद खराब हैं। कक्षाओं में न तो लाइट और पंखों की उचित व्यवस्था है, न ही पीने के पानी या शौचालय की सुविधा। खेल मैदान भी नहीं है, जिससे विद्यार्थियों को शारीरिक गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं मिलता। छात्रों ने बताया कि असुविधाओं के कारण कई विद्यार्थी कॉलेज आने से कतराते हैं।
दोपहर करीब 12:20 बजे कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण ने पाया कि बीए प्रथम वर्ष में 60, द्वितीय वर्ष में 48 और तृतीय वर्ष में 50 विद्यार्थियों के नाम दर्ज हैं, लेकिन परिसर में केवल पांच छात्र-छात्राएं ही मौजूद थे।
एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि कॉलेज निर्माण को लेकर सरकार द्वारा टेंडर जारी कर दिया गया है और कृषि विभाग की भूमि पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। नए कॉलेज में खेल मैदान, पुस्तकालय, आधुनिक कक्षाएं और शौचालय सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि कॉलेज बन जाने से विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और पढ़ाई भी नियमित रूप से सुचारू रूप से चल सकेगी।