इलाके में छाया काले धुएं का गुबार, सामान जला पर कोई हताहत नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गदपुरी के दुधौला गांव में बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे कबाड़ के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे इलाके में काले धुएं का घना गुबार छा गया। धुएं के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से गोदाम में रखा भारी मात्रा में कबाड़ और पन्नियां जलकर राख हो गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार गोदाम में विभिन्न कंपनियों से आने वाले कबाड़ की पन्नियों की छंटनी का कार्य किया जाता था। बताया जा रहा है कि किसी कारण पन्नियों में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। दमकल विभाग की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।