लाइन गिरने से अस्पताल रोड पर लगा वाहनों का लंबा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। उपमंडल नागरिक अस्पताल के पास सोमवार को एक डंपर में बिजली के तार उलझने से हाई वोल्टेज लाइन नीचे गिर गई। हालांकि, गनीमत रही की उस समय बिजली लाइन के आसपास कोई व्यक्ति माैजूद नहीं था, ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया। तारों के खिंचाव से मेनलाइन सड़क पर गिर गई और अस्पताल के सामने लगे दो-तीन बिजली के खंभे भी बुरी तरह टेढ़े हो गए।
घटना के बाद टूटे तार व झुके खंभे सड़क पर खतरा बने रहे। मुख्य सड़क का निर्माण चलने के कारण यातायात पहले से ही वन-वे है। इसी बीच तार गिरने से अस्पताल रोड पर लंबा जाम लग गया। वाहनों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा और लोगों को भारी परेशानी हुई। बिलजी लाइन के तार टूटने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले संबंधित क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कराई, ताकि कोई करंट की चपेट में न आए। इसके बाद कर्मचारियों ने टूटे तार हटाने और खंभों को सीधा करने का काम शुरू किया। विभागीय अधिकारियों ने जल्द ही बिजली और यातायात सामान्य करने का भरोसा दिया। वहीं, पुलिस प्रशासन भी मौके पर मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मियों ने यातायात नियंत्रित कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला और काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर स्थिति सामान्य कराई।