बीते शनिवार को अज्ञात वाहन ने मारी थी स्कूटी को टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। थाना मानेसर क्षेत्र में बीते रविवार को अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। युवती को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार को इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
थाना मानेसर पुलिस को दी शिकायत में गांव खेड़की निवासी प्यारे लाल ने बताया कि उसकी बेटी रितु यादव मानेसर के एक कॉलेज में पढ़ती थी। वह बीते शनिवार को सुबह लगभग 11.15 बजे किसी काम से पचगांवा जा रही थी। गांव से पाड़ा होते हुए टी-3 कंपनी के पास रितु यादव की स्कूटी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। प्यारे लाल ने बताया कि इसी दौरान उनका बड़ा भाई रमेश कुमार पचगांवा से खेड़की गांव की तरफ आ रहा था। दुर्घटनास्थल पर रितु यादव के घायल होने के बारे में उनके भाई ने सूचना दी। रितु यादव को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में लगी चोटों के कारण रविवार की दोपहर इलाज के दौरान उनकी बेटी की मौत हो गई। मृतक युवती के पिता की शिकायत पर थाना मानेसर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।