अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले के खांडसा गांव में अवैध रूप से रह रहा चीन मूल का नागरिक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सेक्टर-37 थाने की पुलिस ने विदेशी नागरिक को पकड़ कर पूछताछ की। आरोपी वर्ष 2019 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था। वर्ष 2023 में वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-37 में मामला दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ में यह पता किया जाएगा कि कहीं खूफिया जानकारी शेयर तक नहीं की। पुलिस के खुफिया तंत्र को सूचना मिली थी कि खांडसा गांव में नितिन के घर में चीन मूल का नागरिक अवैध रूप से रह रहा है। जांच शुरू की तो वह गुमराह करने लगा।
दस्तावेज दिखाने में वह कोई न कोई बहाना बनाने लगा। इस पर खुफिया तंत्र ने सेक्टर-37 थाना की पुलिस मौके पर बुलाया और विदेशी नागरिक से पूछताछ की। आरोपी की पहचान चीन के गुआंग्डोंग निवासी लिन जेनसन (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी 2023 से मार्च 2025 तक छतरपुर (दिल्ली) में रह रहा था। मार्च 2025 से आरोपी खांडसा गांव में रह रहा था। वह मानेसर की एक कंपनी में काम करने के लिए आया था।
जांच में सामने आया कि जिस घर में विदेशी नागरिक रह रहा है, उसके मकान के मालिक ने पुलिस को इसके बारे में सूचना नहीं दी थी। पुलिस ने विदेशी नागरिक के खिलाफ फॉरनर एक्ट के तहत सेक्टर-37 थाना में मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। जिस कंपनी में आरोपी नौकरी कर रहा था, उसमें भी उसका सत्यापन कराया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करके मामले में नियमानुसार कार्रवाई जाएगी। चीन मूल के नागरिक के बारे में दूतावास को सूचना भेज दी है। उक्त मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।