गुरुग्राम। सेक्टर-14 में एक मकान की फर्जी जीपीए बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा ने मामला दर्ज किया है। दिल्ली के लाजपत नगर निवासी डॉ. सजनीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका व उनके पति का सेक्टर-14 में एक मकान है।
पिछले कुछ दिनों से उन्हें सेक्टर-14 स्थित प्रॉपर्टी को बेचने के लिए फोन कॉल आ रहे थे। उन्हें बताया गया कि कुछ अनजान लोग उनकी प्रॉपर्टी को बेचने का प्रयत्न कर रहे हैं और जगह-जगह प्रॉपर्टी डीलरों से संपर्क कर रहे हैं। इस पर उन्होंने एचएसवीपी (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) के ऑफिस जाकर अपनी फाइल चेक की तो पता चला कि किसी धूप सिंह निवासी ग्रेटर कैलाश नई दिल्ली ने प्रार्थना पत्र देकर रिकॉर्ड में जीपीए को अपने नाम दर्ज कराने की अर्जी दी हुई है। जबकि उन्होंने या फिर उनके पति ने कभी ऐसी कोई जीपीए साइन ही नहीं की थी। पुलिस अब धूम सिंह की तलाश करने में जुटी है। संवाद