पुन्हाना। क्षेत्र में पिछले दिनों हुई लगातार बरसात लोगों के लिए आफत बन गई है। बरसात के कारण कई गांवों में मकान ढहने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें अब तक कई जानें जा चुकी हैं। ताजा मामला पुन्हाना उपमंडल के गांव हथनगांव का है, जहां गुरुवार शाम को छह कमरों का मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घायलों में मकान मालिक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
गांव के हाजी इलियास, तारिफ, मजीद आदि लोगों ने बताया कि मकान मालिक शेर मोहम्मद मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसने मेहनत-मजदूरी कर एक-एक पैसा जोड़कर अपने छोटे-छोटे बच्चों के लिए यह मकान बनवाया था। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के कारण मकान में दरारें आ गई थीं। गुरुवार को शाम पांच बजे के करीब मकान अचानक गिर गया। मलबे में दबने से परिवार के कई सदस्य घायल हुए। मकान मालिक की हालत काफी चिंताजनक बताई जा रही है जिसका इलाज नलहड़ के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसे में सारा सामान भी मलबे में दबकर टूट गया। पूरा परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। ग्रामीणों ने बताया कि शेर मोहम्मद का परिवार बेहद गरीब है और उनके पास दूसरा सहारा नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित शेर मोहम्मद को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वह अपने बच्चों के लिए दोबारा मकान बना सके। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की हालत दयनीय है और उनके पास रहने तक के लिए जगह नहीं बची है।