गुरुग्राम। जिले में कुल कोरोना मरीजों का आंकड़ा तेजी से 10 हजार की तरफ बढ़ रहा है। बुधवार को गुरुग्राम में कोरोना के 98 नए मरीज सामने आए तो 82 को स्वस्थ घोषित कर दिया गया। एक संक्रमित की मौत भी हो गई। इसी के साथ अब जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 127 हो गई है।
जिले में अब तक 9938 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 9137 स्वस्थ घोषित किए गए हैं। नए मरीजों के आने और स्वस्थ होने के बीच गुरुग्राम में कोविड-19 की जांच कराने वालों की संख्या भी अब 1,29,075 पहुंच चुकी है। जिले में बुधवार को 1820 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई। हालांकि, पहले के मुकाबले जांच कम हुईं। रैपिड एंटीजन किट व शासकीय लैब में आरटी-पीसीआर के जरिए जांच के लिए बुधवार को 1350 लोगों के नमूने लिए गए। 470 लोगों की निजी लैब में जांच की गई। जांच के मामले में शुरू से ही गुरुग्राम अन्य जिलों से आगे रहा है। अब तक हुई कुल जांच में से 1,17,317 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 9938 लोग संक्रमित पाए गए हैं। राहत की बात यह भी है कि उपचाराधीन कुल मरीजों में से महज 8 मरीज ही शासकीय अस्पतालों में हैं। मौतों के मामले में भी स्थिति सुधरी है।