विकास कार्यों की सप्ताह में की जाएगी समीक्षा: निगमायुक्त
-निगमायुक्त ने चल रहे विकास कार्यों, मुख्यमंत्री घोषणाओं आदि की समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। निगम क्षेत्र में चल सभी विकास कार्यों की अब निगमायुक्त सप्ताह में समीक्षा करेंगे। यह आदेश निगमायुक्त ने मंगलवार को सिविल लाईंस स्थित कैंप कार्यालय में निगम अधिकारियों के साथ बैठक में दिए। बैठक में निगमायुक्त ने विकास कार्यों, मुख्यमंत्री की घोषणाओं, पौधारोपण अभियान, सीएम विंडो व अतिक्रमण से संबंधित बिंदुओं पर समीक्षा की गई।
सीएम विंडो की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे सीएम विंडो से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें व जो शिकायतें ज्यादा समय से लंबित हैं, उनका जवाब जल्द से जल्द देना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने अतिरिक्त निगमायुक्त से कहा कि वे प्रत्येक 10 दिन में सीएम विंडों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करें। निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि जो कार्य चल रहे हैं, उन्हें तय समयसीमा में पूरा करवाएं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित कार्यों में भी तेजी लाएं। इन कार्यों की समीक्षा सप्ताह में एक बार की जाएगी। इनफोर्समेंट विंग के अधिकारियों को निगमायुक्त द्वारा निर्देश दिए गए कि वे नगर निगम की जमीनों को अतिक्रमण एवं अवैध कब्जों से मुक्त करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन निर्माणों पर इनफोर्समेंट विंग द्वारा द्वारा सील लगाई गई थी, अगर किसी व्यक्ति ने स्वयं वह सील तोड़ी है, तो ऐसे निर्माणों को तुरंत तोडने की कार्रवाई करें। पौधारोपण अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि पुराने गुरुग्राम की मुख्य सड़कों पर बड़े स्तर पर पौधारोपण करवाएं। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त मुनीष शर्मा, एडीशनल मयूनिसिपल कमिशनर वाईएस गुप्ता, चीफ इंजीनियर एनडी वशिष्ठ, एसई धर्मसिंह सहित कार्यकारी अभियंता उपस्थित थे।
------कृष्ण कुमार-----