राजेंद्रा पार्क, बजघेड़ा और सेक्टर-10 की पुलिस टीमों ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले 80 लोगों को तीन थानों की पुलिस ने काबू किया है। राजेंद्रा पार्क, बजघेड़ा और सेक्टर-10 थाने की पुलिस टीमों ने शनिवार की रात को यह कार्रवाई की है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) करण गोयल के निर्देशानुसार पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों और शराब की दुकानों के बाहर शराब पीने वालों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने की गतिविधियों पर अंकुश लगाना और सामाजिक व्यवस्था को बनाए रखना था। शनिवार की देर शाम चलाए अभियान के दौरान राजेंद्रा पार्क थाना, बजघेड़ा थाना और सेक्टर-10 थाना की पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत कार्रवाई करते हुए 80 लोगों को काबू करके उन्हें बस के माध्यम से थाने ले जाया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों को काबू करके उनके खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई।