संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। मानेसर थाना क्षेत्र में कंपनी के सर्विस सेंटर पर वाशिंग मशीन की रिपेयरिंग करने के नाम पर महिला से 8 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नरवाना जींद की रहने वाली जूली ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनकी वाशिंग मशीन खराब हो गई थी। इसे ठीक कराने के लिए उन्होंने वर्लपूल कंपनी के सर्विस सेंटर का ऑनलाइन नंबर निकाला। कॉल करने के बाद कथित कंपनी के अधिकारी ने उनसे 5 रुपए की पेमेंट करने के लिए कहा। आरोप है कि पांच रुपये की पेमेंट करने के बाद आरोपी ने उन्हें एक लिंक भेजा। जिसके बाद उनके फोन को हैक कर लिया और उनके बैंक खाते से तीन ट्रांजेक्शन के जरिए 8 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। उन्होंने बताया कि यह रुपये एयू स्मॉल बैंक के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। इस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।