गुरुग्राम। 55वीं नेशनल क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में शहर के सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर में प्रैक्टिस करने वाले प्रिंस नागर ने 8 किलोमीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। चंडीगढ़ एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में लड़कों के अंडर-20 आयुवर्ग में 26 मिनट 4 सेकंड में अपनी दौड़ पूरी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप में देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ियों ने भाग लिया। चैंपियनशिप में हरियाणा टीम अंडर-20 आयुवर्ग की प्रतियोगिता में ओवरऑल दूसरे स्थान पर रही।
इस कैटेगरी में कुल 96 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें प्रिंस का सबसे शानदार प्रदर्शन रहा। एथलेक्टिस कोच दीपक राठी ने बताया कि प्रिंस नागर ने 8 किलोमीटर दौड़ 26 मिनट 4 सेकंड में पूरी करके प्रथम स्थान, महाराष्ट्र के सुशांत ने 26 मिनट 6 सेकंड में दौड़ को पूरा करके द्वितीय स्थान और महाराष्ट्र के ही इंद्रजीत ने 26 मिनट 27 सेकंड में दौड़ को पूरा करके तृतीय स्थान हासिल किया है। कोच दीपक राठी ने बताया कि प्रिंस नागर मूलरूप से फरीदाबाद जिले का रहने वाला है और गुरुग्राम में पीजी में रहकर ताऊ देवीलाल खेल परिसर सेक्टर-38 गुरुग्राम में उनकी देखरेख में प्रैक्टिस करता है।