साइबर थाना ईस्ट पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने पर अच्छे मुनाफे का झांसा देकर जालसाजों ने सेक्टर-56 निवासी बुजुर्ग नूपुर मेंहदी से 68 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ईस्ट ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में रिटायर्ड कर्मचारी नूपुर ने बताया कि सात मार्च से 23 मई के बीच क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर उनसे 68 लाख ठग लिए गए। पीड़िता ने बताया कि वह आय के स्रोत बढ़ाने की तलाश कर रही थीं। सात मार्च को ऑनलाइन विज्ञापन देखकर दिए गए लिंक पर क्लिक किया। इसमें पैसे जमा करने के बाद में रिटर्न में अच्छा लाभ मिलने पर योजना देखकर आकर्षित हो गई। इसके बाद उन्होंने कुछ रुपये निवेश कर दिए। समय के साथ आरोपी और अधिक पैसे जमा करने के लिए कहते रहे।
पीड़िता ने बताया कि पिछली राशि को वापस पाने की चाह में करीब 22 लाख रुपये गंवा दिए। इंटरनेट पर इस राशि को वापस पाने के लिए एक विकल्प तलाश की। कंपनी ने मुनाफे के साथ फंड को वापस करने का वादा किया और जानकारी भी साझा की। शुरू में पीड़िता को वसूली शुल्क का भुगतान करने को कहा। इसके लिए अभिषेक नामक भारतीय जालसाज ने 2.02 लाख ले लिए।
आरोपियाें ने शुल्क का भुगतान करने के बाद अलग-अलग मदों के लिए राशि मांगते रहे। बाद में प्लेबैक रिकवरी कंपनी ने मामले को कुछ ऑनलाइन बैंक खाते दिए। पीड़िता पैसे वापस पाने की उम्मीद में उन्हें और पैसे देती चली गईं। उन्होंने घोटालेबाजों को वसूली के नाम पर लगभग 46 लाख रुपये का भुगतान किया। 23 मई तक आरोपियों ने 68 लाख रुपये ठग लिए।
-
फर्जी मैनेजर बनकर 41 हजार ठगे
गुरुग्राम। अशोक विहार फेज तीन निवासी विद्या शर्मा से 22 मई को 41 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि जियो मार्ट शॉर्ट डिलीवर ऑर्डर से संबंधित विवाद को सुलझाने के लिए ठग ने खुद को जियो मार्ट का सहायक प्रबंधक बताया। उसने क्रेडिट कार्ड का विवरण दर्ज करने को कहा और गूगल मीट में स्क्रीन शेयर पर थी। आरोपी ने एसबीआई क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर करीब 41 हजार रुपये ठग लिए। साइबर अपराध थाना पुलिस पश्चिम केस दर्ज कर लिया है। ब्यूरो
-
पेटीएम से 11 हजार ट्रांसफर कराए
गुरुग्राम। सेक्टर-67 निवासी सागर शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो जून को मित्र के घर से आ रहा था। वाहन के इंतजार लिए करीब पौने दो बजे रात सुभाष चौक पर खड़ा था, तभी उन्होंने एक काले रंग की महिंद्रा गाड़ी में लिफ्ट ले ली। गाड़ी में पहले से दो और लोग सवार थे। रास्ते में किराये के 40 रुपये मांगे। आरोपियों ने खाते से 40 रुपये की जगह 11,000 रुपये की ट्रांसफर कर ली। विरोध करने पर एक आरोपी कान को दांत से काट लिया। इस दौरान हड़बड़ी में मोबाइल, लैपटॉप समेत अन्य सामान गाड़ी में छूट गया। शिकायत पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। ब्यूरो
-
कार्ड बदलकर 30 हजार निकाले
गुरुग्राम। काकरौला निवासी संजू देवी का एटीएम कार्ड बदलकर 30 हजार निकाल लिए गए। पीड़िता का कहना है कि कुछ लोगों ने उनका पिन चुपके से देखकर कार्ड बदल लिया। एटीएम पर बैलेंस चेक करने के दौरान ठगों ने वारदात को अंजाम दिया। बाद में उनके खाते से 30,000 रुपये निकालने का मैसेज आया। खेड़की दौला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। ब्यूरो