गुरुग्राम। भारी बारिश के कारण सोमवार को जिले के निजी अस्पतालों में टीकाकरण की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई जबकि शासकीय केंद्रों में काफी लोग टीका लगवाने पहुंचे। सोमवार को जिले में 6471 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया, जिसमें से निजी अस्पतालों में 1899 व शासकीय केंद्रों पर 4572 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें से 3495 लोगों को टीके की पहली व 2976 लोगों को कोरोना टीके की दूसरी डोज दी गई।
अब पहली डोज की तरह दूसरी डोज के लाभार्थियों की संख्या काफी बढ़ गई है। यही वजह है कि दूसरी डोज लगवाने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक में 100 लोगों को स्पुतनिक-वी वैक्सीन लगाई गई जबकि विदेश जाने वाले 47 लोगों को 28 दिन के अंतराल पर कोरोना टीके की दूसरी डोज दी गई। वहीं, हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर 30 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
सोमवार को 18-44 आयु वर्ग में 3409 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया, जिसमें से 1883 को शासकीय केंद्रों पर पहली व 294 को दूसरी डोज दी गई। वहीं, निजी केंद्रों पर 1073 को पहली व 158 लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गई। 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग में 2883 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया, जिसमें से 333 को शासकीय केंद्रों पर पहली व 1846 लोगों को दूसरी डोज दी गई। इसके साथ ही निजी केंद्रों पर 202 को पहली व 452 को टीके की दूसरी डोज दी गई। 113 स्वास्थ्यकर्मियों व 116 फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी टीका लगाया गया।