गुरुग्राम/सोहना। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। सार्वजनिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में तैनात किया गया है। इसके साथ ही शहर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। छह हजार पुलिसकर्मियों को इस कार्य में लगाया गया है।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में चार दिन शेष रह गए हैं। इस बार जिला स्तरीय कार्यक्रम पर कोरोना वायरस का ग्रहण लगा है। प्रशासन इस बार बड़े स्तर पर यह कार्यक्रम आयोजित नहीं करेगा। जिला प्रशासन के कार्यक्रम में इस बार मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला मौजूद रहेंगे। ऐसे में पुलिसकर्मी जिले की सुरक्षा में कोई चूक नहीं चाहते हैं। वहीं, पुलिस ने भी शहर में सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी है। दिन रात शहर में नाकेबंदी की जा रही है। रात के वक्त नाकेबंदी सख्त कर दी है। वहीं, पुलिस ने जिले के गेस्ट हाउस व होटल पर भी नजर पैनी कर ली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गश्त कर रही राइडर व पीसीआर को हर संदिग्ध से पूछताछ करने के निर्देश दिए हैं। पूछताछ में संतुष्ट न होने पर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रद्द की जा रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों समेत सतर्कता विभाग को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किया गया है। सीसीटीवी कंट्रोल रूम में तैनात स्टाफ को भी हर व्यक्ति पर बारीकी से नजर रखने को कहा गया है।